जब महागठबंधन के प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस का इंतज़ार हो रहा था
बिहार में शुक्रवार को महागठबंधन के उम्मीदवारों की घोषणा तो हो गई लेकिन इस बार भी प्रेस कॉन्फ़्रेंस को लेकर काफ़ी ऊहापोह की स्थिति रही. प्रेस वार्ता का वक़्त सुबह 10 बजे तय किया गया था लेकिन इस बार राष्ट्रीय जनता दल के नते तेजस्वी यादवा के अलावा सहयोगी दलों के कोई बड़े नेता नहीं आए. पिछली बार जब प्रेस कॉन्फ़्रेंस हुई थी तो तेजस्वी नहीं आए थे. पत्रकार नेताओं के इंतज़ार में थे. उनकी बैचेनी से उभरे सवालों के जवाब जीतन राम मांझी की पार्टी 'हम' के प्रवक्ता दानिश दे रहे थे. मंच पर कुर्सियां सजी थीं, लेकिन ख़ाली. थोड़ी देर बाद विभिन्न घटक दलों के कुछ नेता आने लगे, लेकिन वो पिछली क़तार में लगी कुर्सियों पर बैठे. सभी को पहली क़तार में बैठने वाले नेताओं का इंतज़ार था. घंटा दर घंटा बीतता गया. इंतज़ार प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी, वीआईपी पार्टी के मुकेश सहनी, रालोसपा के उपेंद्र कुशवाहा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा का हो रहा था. मीडियाकर्मी अपने साज़ो-सामान के साथ समय पर आ गए थे. वो हर दस मिनट की देरी पर अपनी नाराज़गी जताते. ...