जनरल रावत की कटरीना, करीना नाम की लड़कियों से दोस्ती न करने की सलाह- उर्दू प्रेस रिव्यू

पाकिस्तान से छपने वाले उर्दू अख़बारों में इस हफ़्ते चीनी दूतावास पर हुए हमले को सुलझा लेने का दावा, भारत-पाक सिंधु जल संधि वग़ैरह से जुड़ी ख़बरें सुर्ख़ियों में रही.

एक्सप्रेस अख़बार के मुताबिक़ कराची के पुलिस प्रमुख डॉक्टर अमीर शेख़ ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि पिछले महीने कराची स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले में भारतीय ख़ुफ़िया एजेंसी रॉ का हाथ था.

पुलिस प्रमुख के अनुसार, इस मामले में स्थानीय सहयोग देने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और उनकी पूछताछ से पुलिस को इस मामले में काफ़ी अहम सुराग़ मिले हैं.

डॉक्टर अमीर शेख़ ने कहा कि हमले की योजना अफ़ग़ानिस्तान में बनाई गई थी और हमले का उद्देश्य चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर (सीपेक) योजना में दरार डालना था.

उन्होंने कहा कि हमलावर वाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों और अधिकारियों को बंधक बनाना चाहते थे. लेकिन सुरक्षाकर्मियों की तुरंत कार्रवाई ने हमलावरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया. सुरक्षाकर्मी सभी हमलावरों को मारने में सफल हुए थे लेकिन इस हमले में दो सुरक्षाकर्मी और दो आम नागरिक मारे गए थे.

एक तरफ़ पाकिस्तान ने जहां भारत पर चरमपंथी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है.

वहीं दूसरी तरफ़ भारत और पाकिस्तान के एक साथ आने की भी ख़बर है.

पाकिस्तान के अख़बार नवा-ए-वक़्त के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच जल संकट को दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण क़दम उठाया गया है.

अख़बार के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच इंडस वाटर ट्रीटी यानी सिंधु जल समझौते से जुड़े विवाद को समाप्त करने के लिए भारत ने बहुत ही सकारात्मक क़दम उठाया है.

अख़बार लिखता है कि चेनाब नदी पर बांध बनाने के लिए इलाक़े के सर्वेक्षण के लिए पाकिस्तान ने भारत से इजाज़त मांगी थी जिसे भारत ने स्वीकार कर लिया है.

पाकिस्तान के जल संसाधन मंत्री के हवाले से अख़बार लिखता है कि तीन सदस्यीय पाकिस्तानी प्रतिनिधि मंडल 27 जनवरी को भारत का दौरा करेगा. इंडस वाटर कमीश्नर मेहर अली शाह प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व करेंगे. ये दल एक फ़रवरी तक भारत में रहेगा.

सऊदी अरब पाकिस्तान में 10 अरब डॉलर का निवेश करेगा.

अख़बार दुनिया के अनुसार सऊदी अरब पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह पर तेल रिफ़ायनरी लगाएगा जिसकी लागत क़रीब 10 अरब डॉलर है.

अख़बार के अनुसार सऊदी अरब के तेल मंत्री पाकिस्तान के दौरे पर हैं और रविवार को इस संबंध में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच समझौता हो जाएगा.

अख़बार आगे लिखता है कि सऊदी अरब अगले तीन साल में पांच अरब डॉलर का और निवेश करेगा.

पाकिस्तान आर्थिक मंदी से गुज़र रहा है और वो अपने पुराने दोस्तों से मदद की गुहार लगा रहा है. इस गुहार में तेल उत्पादक अरब देशों ने उधार पर तेल देने की अपील भी शामिल है.

पाकिस्तान ने सऊदी अरब से इस तरह की अपील की है.

अख़बार दुनिया के अनुसार पाकिस्तान ने सऊदी अरब से नौ अरब डॉलर का तेल उधार देने की अपील की है. उम्मीद है कि रविवार को इस पर भी समझौता हो जाएगा.

इसी सप्ताह संयुक्त अरब अमीरात के क्राउन प्रिंस शेख़ मोहम्मद ने भी पाकिस्तान का दौरा किया था. अख़बार जंग के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात ने पाकिस्तान में रिफ़ायनरी बनाने की घोषणा कर दी है.

इस अवसर पर दोनों देशों के बीच व्यापार को और बढ़ाने के लिए एक टास्क फ़ोर्स बनाने का फ़ैसला लिया गया है.

पाकिस्तान के अख़बारों में भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के हवाले से एक बहुत ही रोचक ख़बर छपी है.

अख़बार जंग के मुताबिक़ जनरल रावत तो अपने बयानों के लिए हमेशा सुर्ख़ियों में रहते हैं, इस बार उन्होंने अपने ही जवानों को एक ख़ास तरह की नसीहत दी है.

भारतीय मीडिया का हवाला देते हुए अख़बार जंग लिखता है कि भारतीय सेना प्रमुख ने अपने जवानों से कहा है कि वो सोशल मीडिया पर कटरीना, प्रियंका, करीना का नाम रखने वाली लड़कियों से हरगिज़ दोस्ती न करें.

जनरल रावत ने अपने जवानों को ये दिलचस्प नसीहत देते हुए कहा कि फ़िल्मी हिरोइन का नाम रखने वाली प्रोफ़ाइल से तो आप हरगिज़ दोस्ती न करें. जनरल के अनुसार ऐसा करने से जवान धोखा खा सकते हैं.

Comments

Popular posts from this blog

病毒来袭 影响人类历史进程的五次疫疾大流行

多部门:对国际航空货运机组人员实施严格封闭管理

管住公路盯紧铁路 牡丹江筑牢防线严控疫情输出